फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजफ्फराबाद के समीप भोगपुर गांव में साप्ताहिक संग्रहण करने आए फाइनेंस कर्मी से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश तमंचे के बल पर पौने तीन लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। लूट की घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस चौकी मुजफ्फराबाद के समीप के गांव भोगपुर, गोकलपुर और मोहम्मदपुर कंधेला से भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड की बेहट शाखा का फाइनेंस कर्मी आशु राणा साप्ताहिक धन संग्रहण करने आता है। बुधवार को जब आशु राणा पुत्र लोकेश राणा साप्ताहिक कलेक्शन करके वापस बेहट लौट रहा था तो मुजफ्फराबाद-भोगपुर मार्ग पर पीछे से आ रहे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा रख दिया। तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाश आशु राणा से दो लाख 74 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक की चाबी लूटकर वापस भोगपुर की तरफ फरार हो गए। आशु राणा ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। वहीं आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
यह भी पढ़ें: UP: चुप रहे नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मीडिया से बनाई दूरी और चंद घंटों में कर गए ये बड़ा काम, हिरासत में एक भाई
सूचना मिलने के बाद फतेहपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार रावल ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित से बात की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन और सीओ सदर नीरज सिंह वारदात स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
यह भी पढ़ें: Meerut News : पुलिस ने होटल में मारा छापा, मचा हड़कंप, अलग-अलग कमरों से पकड़े गए 10 प्रेमी जोड़े
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कराया जा रहा है। बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।