चिलकाना। सुलतानपुर गांव में पैमाइश के दौरान अधिकारियों के सामने आत्मदाह का प्रयास करने वाले किसान वेदप्रकाश का दिल्ली के अस्पताल में उपचार चल रहा है। किसान की हालत गंभीर बनी हुई है। भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बता दें, कि शनिवार को भूमि की पैमाइश के लिए आए एसडीएम सदर के सामने वेदप्रकाश ने डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। सोमवार को भाकियू टिकैत के प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल तथा एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम सदर को हटा दिया गया था।
मंगलवार को भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी आदिल के नेतृत्व में जिला उपाध्यक्ष सुरेश सैनी, मांगेराम, मुकेश कुमार, वेद वाधवा ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि वह पूरी तरह से सरदार वेदप्रकाश के परिवार के साथ है। यदि जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता है, तो यूनियन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
घटनास्थल पर रामपुर मनिहारान थाने के अतिरिक्त इंस्पेक्टर अमित कुमार तथा इंस्पेक्टर कपिल देव पुलिस फोर्स के साथ तैनात है। पुलिस टीम समय-समय पर कस्बे में पैदल मार्च भी कर रही है। अभी तक इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं दी गई है।