सहारनपुर। सर्दी के मौसम में त्वचा की नमी गायब हो रही है। त्वचा में रूखापन बढ़ने के बाद खुजली व दर्द हो रहा है। सरकारी अस्पतालों में त्वचा मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। त्वचा के अलावा होंठ व एड़ियां भी सर्दी में फटने लगी हैं। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 406 त्वचा रोगी पहुंचे।
सर्दी का सितम लगातार बढ़ रहा है। सर्दी में फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना त्वचा मरीजों की कतार लग रही है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु शर्मा ने बताया कि ओपीडी में रुखी त्वचा के अधिकांश मरीज आ रहे हैं।
फटे होंठ, फटी एड़ी आदि के मरीज भी अधिक पहुंच रहे। सर्द हवा में नमी कम होने और गर्म पानी में नहाने से त्वचा की नमी छिन जाती है, जिससे त्वचा खिंची हुई, खुरदुरी और परतदार हो जाती है।