कुंडल लूट की जानकारी देती पीड़ित महिला
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। बाइक सवार दो बदमाशों ने श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर रोड पर ई-रिक्शा में सवार एक महिला का कुंडल झपट लिया। महिला की चीख-पुकार से लोग एकत्र हो गए, लेकिन तब तक बदमाश भागने में कामयाब रहे। वारदात से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति रोष है।
वारदात कोतवाली मंडी क्षेत्र में श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पर राघवपुरम कॉलोनी के पास हुई है। न्यू राघवपुरम कॉलोनी निवासी सुषमा सैनी पत्नी नरेश सैनी बाजार से ई-रिक्शा के द्वारा घर लौट रही थी। वह जब राघवपुरम कॉलोनी के पास पहुंची तो बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के कान का एक तरफ का कुंडल खींचा और फरार हो गए। इससे महिला कान से खून भी निकल गया। महिला चीखी तो लोग एकत्र हो गए। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की फुटेज कैद हो गई। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति रोष है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त नहीं होती है। पूर्व में भी बदमाश इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगाया है। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।