सहारनपुर में निकली धूप में बच्चे को ले जाती मां।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सर्दी कम नहीं हो रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर यहां भी पड़ रहा है। जिससे शीत लहर चलने से ठिठुरन बढ़ रही है। ये ही कारण है कि शुक्रवार को धूप निकलने के बाद भी लोग बर्फीली हवा के कारण कंपकंपाते रहे। शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान कम होकर 4.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। जिससे ठंड कम नहीं हुई। हालांकि शुक्रवार को धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान बढ़ कर 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
जनवरी माह में कई दिनों तक बारिश और कोहरे के कारण सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुुआ है। बीते आठ दिनों से धूप नहीं निकल रही थी। अब दो दिनों से धूप निकल रही है, मगर सर्दी का असर कम नहीं हो रहा है। ठिठुरन के कारण नागरिक कंपकंपा रहे है। बारिश तो रुक गई, मगर सुबह और रात को कोहरा लगातार छा रहा है। पहाड़ो पर हो रही बर्फबारी के कारण बीते दो दिनों से शीत लहर चल रही है। जिससे धूप में भी ठिठुरन कम नहीं हो रही है। उधर, सर्दी और कोहरे का असर रोडवेज तथा बाजार पर भी पड़ रहा है। रोडवेज बसों में रात को यात्री कम हो रहे है। दिन में बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम है। चुनाव के चलते सरकारी अमला चुनाव डयूटी में व्यस्त है, जिस कारण गरीबों के लिए सर्दी से बचाव के लिए किए गए इंतजामों पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रात्रि में अधिकारी रैन बसेरो का हाल जानने और सड़कों पर सोने वालों को तलाशने के लिए नहीं निकल रहे है।