सहारनपुर के देवबंद के पनियाली गांव में घर के बाहर खेल रहे मासूम बालक को आवारा कुत्तों ने नोचकर घायल कर दिया। जिसे परिजनों ने उपचार के लिए सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
पनियाली निवासी प्रवीण का 4 वर्षीय बेटा प्रिंस शुक्रवार की सुबह अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने बालक प्रिंस को घेर लिया और उस पर टूट पड़े। कुत्तों ने पंजों व दांतों से प्रिंस को काटकर बुरी तर से जख्मी कर दिया।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन तथा अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा लाठी डंडों से कुत्तों को भगाकर बालक को उनके चंगुल से मुक्त कराया। बाद में परिजनों ने घायल प्रिंस को उपचार के लिए देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
बता दें कि देवबंद क्षेत्र में आवारा कुत्तों का जबरदस्त आतंक है। देवबंद के नेचलगढ़ में ही पिछले महीने आवारा कुत्तों ने कई राहगीरों को काटकर जख्मी कर दिया था। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाकर दूर जंगल में छुड़वाने की व्यवस्था कराने की मांग की है।