स्मॉल वंडर्स स्कूल की ओर से खेमका सदन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नन्हे मुन्नों ने मनोरंजक खेलों की दमदार प्रस्तुतियां देकर उम्दा प्रदर्शन किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य सविता मखीजा एवं व्यवस्थापक राजीव मखीजा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में करीब 25 स्टॉल लगाए गए, जिनमें पिज्जा, चाट, राजस्थानी व्यंजन, डोसा, समोसे, आइसक्रीम, कॉफी, पॉपकार्न आदि व्यंजनों के साथ विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ।
स्मॉल वंडर्स द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुति कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे मुन्नों ने आलू चाट, जुम्बा आदि गानों पर जमकर धमाल मचाया। कक्षा दो, तीन, चार और पांच के बच्चों ने फिर मिलेगे, चलते-चलते पर पुराने फिल्मी कलाकारों की मौजूदगी का एहसास कराते हुए शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। बच्चों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रेरक संदेश देते हुए नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।
कार्निवाल में अबेकस जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि अबेकस को कंप्यूटर के पितामह के रूप में जाना जाता है। प्रधानाचार्य सविता मखीजा ने कहा कि कार्निवल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आपसी सहयोग एवं मिल जुलकर कार्य करने की शिक्षा के साथ साथ आज की पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से रूबरू कराना है। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक करने से बच्चों में छुपी प्रतिभा, उनके दृष्टिकोण एवं उनके मानसिक विकास में बढ़ोत्तरी होती है।