जिला अस्पताल का निरीक्षण करते प्रमुख अधीक्षक डा एसएस लाल
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। चिकित्सा विभाग को मंडल और जिले में कई नए अधिकारी मिले हैं। एसबीडी जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एसएस लाल ने तो चार्ज लेते ही अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों और कर्मचारियों को कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कार्यवाहक अपर निदेशक (चिकित्सा) एवं जिला अस्पताल के एसआईसी (प्रमुख अधीक्षक) रहे डॉ. एसके वार्ष्णेय 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बाद अपर निदेशक पद खाली हुआ है, जिस पर जिला महिला अस्पताल की सीएमएस रही डॉ. अनीता जोशी पदोन्नत हुई हैं। डॉ. अनीता जोशी की जगह सीएमओ डॉ. बीएस सोढी की पत्नी डॉ. ममता सोढी को महिला अस्पताल की सीएमएस की जिम्मेदारी मिली है। दोनों अधिकारियों ने मरीजों को प्राथमिकता देने की बात कही। उधर, डॉ. एसके वार्ष्णेय के ही जाने के बाद जिला अस्पताल का प्रमुख अधीक्षक का पद भी खाली हुआ है, जिस पर आई सर्जन डॉ. एसएस लाल की तैनाती हुई है। डॉ. एसएस लाल ने शनिवार की सुबह डॉक्टरों को साथ लेकर इमरजेंसी वार्ड, स्टोर, दवा स्टोर आदि का निरीक्षण किया। व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना रहेगा।