देवबंद। टीवी चैनल की डिबेट में सपा सांसद डिंपल यादव पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले भारत में मस्जिदों के इमामों के संगठन ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ विरोध तेज हो गया है।
जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने बयान की निंदा करते हुए इसे स्त्री विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के नाम के साथ मौलाना जुड़ा हो उससे ऐसी गैर शरई भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती। यह बयान न केवल महिलाओं की तौहीन है बल्कि मजहब की बुनियादी तालीम के भी खिलाफ है। उनका कृत्य एक महिला नेता को नीचा दिखाने की कोशिश है। उन्होंने कहा की साजिश रशीदी को न सिर्फ महिलाओं ने बल्कि पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं, इस मुद्दे पर सपा की प्रदेश सचिव रुही अंजुम ने एसएसपी आशीष तिवारी को पत्र लिखकर साजिद रशीदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीओ रविकांत पाराशर के माध्यम से भेजे पत्र में कहा कि साजिद रशीदी का बयान स्त्री विरोधी, अमर्यादित और सांसद पद का अपमान है। समाजसेवी इरम उस्मानी ने भी मौलाना रशीदी के बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।