डिवाइडर से टकराकर कार पलटी, चार युवक गंभीर
छुटमलपुर/बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। शनिवार दोपहर दून हाईवे पर बिहारीगढ़ पीएचसी के सामने तेज रफ्तार कार डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में जिंद निवासी कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हरोड़ा अस्पताल भिजवाया। जहां से उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया।
दोपहर करीब एक बजे हरियाणा के जिंद के थाना सफेदो के गांव मुआना निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र रणबीर सिंह, जितेंद्र कुमार पुत्र भानू प्रताप, सुधीर पुत्र राजपाल और प्रीतम पुत्र विक्रम सिंह रिटज कार से हरिद्वार के लिए निकले थे। रास्ता भटकने के कारण वे बिहारीगढ़ से देहरादून की तरफ चले गए। वहां से लौटते वक्त बिहारीगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से पहले कट पर अचानक कार पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वह डिवाइडर की रेलिंग तोड़ती हुई पलट गई। इससे सवार उक्त चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरोड़ा भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बार उन्हें हायर सेंटर भेज दिया गया।