बिहारीगढ़। गांव सतपुरा में शनिवार सुबह अमजद (28) निवासी चकवाली थाना रामपुर मनिहारान का शव एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। युवक सतपुरा में आबादी से बाहर स्थित देहरादून निवासी अविरल के डेयरी फार्म पर नौकर था। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है।
सुबह साढ़े आठ बजे उसका शव डेयरी फार्म के आगे खाली पड़ी जमीन में खड़े शीशम के पेड़ पर लटका देख किसी ग्रामीण ने पुलिस को खबर की। इसके बाद थाना पुलिस और फाेरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को नीचे उतारा। डेयरी फार्म स्वामी अविरल ने बताया कि उन्होंने डेढ़ माह पहले ही डेयरी खोली थी, तभी से अमजद उनके यहां काम कर रहा था। अमजद का बड़ा भाई भी उसके साथ डेयरी पर ही काम करता है। वह चार दिन पहले छुट्टी लेकर घर गया था। साथी कर्मचारियों ने बताया कि अमजद अलग कमरे में सोता था। उन्हें पता नहीं चला कि वह कब उठकर बाहर गया। अमजद के दो छोटे बच्चे हैं। पिता की काफी पहले मौत हो गई थी। परिजनों की तरफ से देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी। सीओ बेहट एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ संदिग्ध आता है तो आगामी कार्रवाई की जाएगी।