- दिल्ली रोड स्थित प्रतिष्ठित स्कूल का छात्र है पीड़ित
- अन्य छात्रों पर लगाया उत्पीड़न और मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री अनमोल मल्होत्रा ने अपने बेटे की सुरक्षा की गुहार पुलिस और शिक्षा विभाग से लगाई है। आरोप है कि दिल्ली रोड स्थित स्कूल में उनके बेटे के साथ अन्य छात्रों द्वारा मारपीट की गई, जिसके बाद से उनका बेटा डरा हुआ है और मानसिक तनाव में है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।
पीड़ित अभिभावक अनमोल मल्होत्रा भाजपा नेताओं और व्यापारियों को साथ लेकर शिकायत करने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव को बताया कि उनका बेटा अक्ष मल्होत्रा दिल्ली रोड स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में दसवीं का छात्र है। स्कूल में उनके बेटे का उत्पीड़न किया गया है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास है। मामले में प्रधानाचार्य से शिकायत की गई तो उनका रवैया पीड़ित छात्र की बजाय आरोपियों को बचाने वाला रहा।
आरोप लगाया कि जिन छात्रों द्वारा उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया है वह राजनीतिक रसूख रखते हैं और आर्थिक रूप से भी मजबूत हैं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को बताया कि उनका बेटा मानसिक तनाव और डर के कारण 15 दिन से स्कूल भी नहीं जा रहा है। ऐसे में उसकी बोर्ड की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने अपने बेटे को खतरा जताते हुए आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलने वालों में अनेश शर्मा, रवि जुनेजा, अमित गर्ग, मनीष सचदेवा, राहुल गांधी, अभिनव गुप्ता, अनिल गुप्ता, निशांत वर्मा, अशोक कुमार, मनीष वर्मा, संचित अरोड़ा आदि रहे।
कुछ अभिभावक दिल्ली रोड स्थित स्कूल की शिकायत लेकर मुझसे मिले थे। मामले में स्कूल को पत्र लिखा जा रहा है। यदि कोई गैरकानूनी घटना होने की पुष्टि होती है तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। - जयकरण यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक