-डीजे बंद करने पर दूल्हे के दोस्तों ने दुल्हन के भाई को पीटा
-दुल्हन के शादी से इन्कार करने पर घुटनों पर आया दूल्हा पक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
तीतरों। डीजे बंद कराने को लेकर दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों में जमकर लात-घूंसे चले। इसमें दूल्हे के पिता और दुल्हन के भाई सहित छह लोगों को चोटें आई हैं। मारपीट से आहत दुल्हन से शादी करने से मना दिया तो दूल्हा पक्ष के होश उड़ गए। काफी मान मनव्वल के बाद दुल्हन आखिरकार फेरों को राजी हुई।
क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को बरात आई थी, जिसमें दूल्हा पक्ष के युवक घुड़चढ़ी के दौरान जमकर डांस कर रहे थे। शादी का जश्न देर शाम तक चलता रहा। इस पर दुल्हन के भाई ने फेरों का मुहूर्त निकलने का हवाला देते हुए डीजे बंद करा दिया।
आरोप है कि डीजे बंद करना दूल्हे के दोस्तों को नागवार गुजरा और उन्होंने विरोध जताते हुए दुल्हन के भाई के साथ मारपीट कर दी। देखते- देखते ही दोनों पक्षों के लोग आमने- सामने आ डटे और जमकर लात-घूंसे चले। इसमें दूल्हे के पिता सहित दोस्त व दुल्हन के भाई अन्य परिजनों को चोटें आ गई।
मारपीट की जानकारी जब दुल्हन को हुई तो उसने शादी करने से साफ इन्कार करते हुए बरात को वापस भेजने की बात कही। दुल्हन के शादी से इन्कार करते ही दूल्हा पक्ष के लोगों के होश फाख्ता हो गए।
समाज के जिम्मेदार लोगों को बुलाया गया तथा दुल्हन का मान मनौव्वल करते हुए उसके एवं उसके परिवार के सम्मान में कमी न आने का आश्वासन देकर उसे फेरों के लिए राजी कर लिया। विवाह की रस्म पूरी कराने के बाद बरात की विदाई की गई। उधर, पुलिस ने बताया कि मारपीट होने के बाद पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने लाई थी लेकिन बाद में समझौता होने पर उन्हें छोड़ दिया गया।