सहारनपुर। पेट्रोल डीजल और कंपनी द्वारा कारों की कीमत बढ़ाने के बाद ऑटोमोबाइल सेक्टर में यूटर्न लगा है। ग्राहक अब इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। सबसे अधिक मांग दोपहिया वाहनों की है। पिछले वर्ष सितंबर में जीएसटी के दाम कम होने और अब पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से इस क्षेत्र को लाभ पहुंच रहा है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमत बढ़ने के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी है।
आमजन भविष्य को ध्यान में रखते हुए ईंधन बचत को प्राथमिकता दे रहे हैं। शोरूम संचालकों के मुताबिक पहले महीने में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 10 से 15 होती थी, लेकिन अब इसमें तेजी आई है। अब महीनेभर में 20 से 25 ईवी की बिक्री हो रही है। इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की मांग ज्यादा है।
विज्ञापन
पेपर मिल रोड स्थित दोपहिया ऑटोमोबाइल शोरूम के मालिक अनुज आर्य बताते हैं कि पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने से लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मौजूदा समय में डेढ़ गुना मांग बढ़ गई है। ईंधन की बढ़ती कीमत और गैस की कमी को देखते हुए इलेक्ट्रिक दोपहिया की ओर रुख कर रहे हैं। पहले लोग ज्यादातर दाम एवं अन्य फीचर्स पूछने अधिक आते थे, लेकिन अब लोग वाहनों को खरीद रहे हैं।
मांग बढ़ने का असर यह है कि डिलीवरी में देरी हो रही है। शोरूम मालिक बताते हैं कि पहले वाहन बुकिंग के बाद चार से पांच दिनों में खरीदार शोरूम से अपना वाहन ले जा सकते थे, लेकिन मांग बढ़ने से इसमें दस से 12 दिनों का समय लग रहा है।