सहारनपुर। अवैध निर्माण कार्यों के विरुद्ध विकास प्राधिकरण की कार्रवाई लगाता जारी है। प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को भी चार अवैध निर्माण कार्यों को सील किया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि टीम ने चार अवैध निर्माण कार्यों को सील किया है। इनमें टपरी रोड पर शेखपुरा पुलिस चौकी के बराबर लगभग 20 वर्ग मीटर में हो रहा निर्माण कार्य, जयहिन्द पब्लिक स्कूल के पास लगभग 150 वर्गगज के भूखंड पर बिना सैटबैक छोड़े हुए भवन का अनाधिकृत काॅलोनी में निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा चुनहेटी गाड़ा में एकता धर्मकांटे के पीछे व्यवसायिक हॉल का निर्माण कार्य और करीब 100 वर्ग मीटर के भूखंड पर एक दुकान एवं टीनशेड का व्यवसायिक निर्माण कार्य को भी सील किया गया। इस दौरान सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता आशीष सक्सेना, प्रदीप गोयल, मेट अमरनाथ, राहुल, विजय सिंह बिष्ट, रामगोपाल, सतेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।