संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट(सहारनपुर)। गांव पिठोरी में संत रविदास जयंती पर शोभायात्रा निकालने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। दूसरे समुदाय के लोग शोभायात्रा निकालने का विरोध कर रहे है। उधर, गांव में कार्यकर्ताओं के साथ जाने का प्रयास कर रहे भीम आर्मी जय भीम के जिलाध्यक्ष सन्नी गौतम को पुलिस ने गांव से बाहर ही रोक लिया और उन्हें वापस कर दिया गया।
एसडीएम मानवेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों के साथ वार्ता कर हल निकाला जाएगा। फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पिठौरी में संत रविदास जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकालने के लिए आयोजकों द्वारा प्रशासन से अनुमति ली गई थी। इसकी जानकारी होने पर गांव के दूसरे समुदाय के लोगों ने गांव में ऐसी परंपरा न होने की बात कहकर एसडीएम से शिकायत की।
इस पर एसडीएम ने जांच के बाद अनुमति को निरस्त कर दिया। अनुमति निरस्त होने के बाद भी आयोजक शोभायात्रा निकालने की तैयारी में लग गए थे। पुलिस प्रशासन को दूसरे पक्ष ने फिर शिकायत की, जिस पर मंगलवार की शाम इंस्पेक्टर सतपाल सिंह भाटी पुलिस पीएसी के साथ गांव पहुंच गए और आयोजकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शोभायात्रा निकालने पर अड़ गए।
बुधवार की सुबह भीम आर्मी जय भीम के जिला अध्यक्ष सन्नी गौतम कार्यकर्ताओं के साथ गांव पिठौरी जाने के लिए निकले। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें गांव से बाहर ही रोक लिया। जिलाध्यक्ष और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही, लेकिन पुलिस ने उन्हें गांव में नहीं जाने दिया। कार्यक्रम आयोजकों में से कुछ लोग जिला मुख्यालय पर डीएम से मिलने गए।
डीएम ने एसडीएम मानवेंद्र सिंह को इस विवाद को मिल बैठकर निपटाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। दोनों पक्षों की जिम्मेदार लोगों से वार्ता कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।