सहारनपुर में आंदोलन कर रही आंगनबाड़ियों ने 19वें दिन भी धरना दिया। तेज धूप के कारण कई आंगनबाड़ी की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। इससे अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में दो घंटे भर्ती रहने के बाद उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने मांग न माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
मंगलवार को भी आंगनबाड़ी सैकड़ों की संख्या में हकीकतनगर तिराहा स्थित रामलीला मैदान पर एकत्र हुईं। यहां धरने के दौरान जिलाध्यक्ष सुलेलता पंवार, नीलम, मीनाक्षी, प्रवेश गोयल, कुसुम सैनी, रेशमा, शोभा रानी, रीता रानी, उर्मिला, अनीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
इसके बाद तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाकर सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। कुछ समय भर्ती रहने के दौरान आंगनबाड़ियों से सही इलाज न मिलने के आरोप लगाते हुए सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस दौरान नरेंद्र दत्त शर्मा, अनीता पुंडीर, प्रीति, कुसुम सैनी, गीता, बेबी, नीलम, सुमनलता, वीरमती, महेंद्र सिंह, सोनिया, कविता, सरिता, सुधा, मीना, प्रभा, कमलेश, ऊषा आदि शामिल रही।
केंद्र सरकार से की हमला करने की मांग ः आंगनबाड़ियों में आतंकी हमले में शहीद हुए 18 सैनिकों को लेकर आंगनबाड़ियां गुस्से में दिखीं। उन्होंने एक स्वर में केंद्र सरकार से पाकिस्तान में बने आतंकी ठिकानों पर हमला करने की मांग की। कहा कि अब भारत की माताएं अपने बच्चों की कुर्बानी पर चुप नहीं बैठेंगी।