सहारनपुर। बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल, कॉलेज और मदरसों को अस्थाई कोविड अस्पताल बनाने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फैल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में दवाइयां, ऑक्सीजन, कोविड मेडिसिन किट उपलब्ध नहीं है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, मदरसा एवं अन्य संस्थानों के भवनों को अस्थाई कोविड अस्पताल बनाकर संक्रमितों के उपचार के लिए व्यवस्थाएं की जाएं। कोविड अस्पतालों के लिए बेड, ऑक्सीजन, रेमेडिसीवर, टेसिलीजुमैब, कोविड मेडिसिन किट एवं अन्य आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी जनहित में है।
साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सीएचसी और पीएचसी अस्पतालों में कोविड आइसोलेशन वार्ड बनाकर संक्रमितों का प्राथमिक उपचार किया जाय। जिस तरह से सहारनपुर नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कोविड मेडिसिन किट का वितरण किया जा रहा है, इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधान और सचिवों द्वारा कोविड मेडिसिन किट का वितरण कराया जाए।