नानौता (सहारनपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव में ही रिश्तेदारी में रह रहे युवक पर उसकी नाबालिग पुत्री को अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। थाने में महिला ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात साढे़ आठ बजे उसकी नाबालिग पुत्री घर से एक दुकान पर सामान लेने के लिए गई। इसके बाद किशोरी लापता हो गई। किशोरी के लापता होने पर परिजनों द्वारा रातभर किशोरी की तलाश की गई तथा थाने पर जाकर इसकी जानकारी दी। लेकिन किशोरी का पता नहीं लग पाया। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे लापता किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में बदहवास अवस्था में गांव में स्थित मंदिर के पास पड़ी मिली। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किशोरी ने परिजनों को बताया कि जब वह सामान लेने जा रही थी तो गांव में ही रिश्तेदारी में रह रहे एक युवक ने उसे अगवा कर दुष्कर्म किया और उसे बदहवास हालत में छोड़कर भाग गया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि किशोरी के साथ दुराचार की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष नानौता ने बताया कि पुलिस ने आरोपी टीनु पुत्र ओमकार निवासी कादरपुर थाना बेहट के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तमंचे के साथ पकड़ा : नानौता। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में करीब 12 बजे थाना पुलिस द्वारा ग्राम ढाकादेई के जंगल से दिग्विजय पुत्र मदन निवासी ढाकादेई को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर चालान किया है।