नानौता। थाना क्षेत्र के एक गांव में चार युवकों ने पौने पांच लाख रुपये की नगदी और जेवरों की लूटपाट करने के बाद पीड़ित परिवार की किशोरी को तमंचे के बल पर अगवा कर खेत में ले जा कर सामूहिक दुष्कर्म किया। ढूंढ मचने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने ही किशोरी को खेत से ला कर परिजनों को सौंप दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजते हुए दो नामजद सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पीड़ित द्वारा थाने में दी तहरीर के अनुसार गांव के ही सलीम पुत्र शब्बीर और तोसीफ पुत्र जाकिर अपने दो साथियों के साथ रात साढे़ 12 बजे उसके घर में घुस आए। जहां उन्होंने तमंचे के बल पर उसकी 15 वर्षीय बेटी को कब्जे में लेकर ताले तोड़ घर में रखी चार लाख 67 हजार की नगदी, सोने चांदी के जेवरों की लूटपाट कर ली। इसके बाद आरोपी उसकी बेटी को भी जबरन अपने साथ ले गए। गन्ने के खेत में ले जा कर आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी दौरान परिजनों की आंख खुलने पर जब किशोरी घर से गायब और ताले टूटे मिले तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। किशोरी की ढूंढ पड़ते देख आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने ही खेत से उसे ला कर परिजनों को सौंप दिया। जहां पीड़ित ने आपबीती सुनाई तो परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। इसके बाद वे किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया दो नामजद सहित चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण पर भिजवाने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। सीओ चोब सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।