सहारनपुर में मिशन-2017 के लिए यूपी में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी कांग्रेस की निगाहें मुसलमान मतदाताओं पर टिकी हैं। जनसभा और खाट सभा में कांग्रेस उपाध्यक्ष किसानों के दर्द को उकेरने की कोशिश जरूर कर रहे थे, मगर पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनाकर वह मुसलमानों को रिझाने की कवायद में भी जुटे रहे।
साफतौर पर कांग्रेस मुसलमान मतों पर निगाहें जमाएं हुए है, ऐसे में राहुल गांधी की दारुल उलूम यात्रा जरूर कांग्रेस के लिए संजीवनी हो सकती है। वहां भी राहुल गांधी ने मोहतमिम से शिष्टाचार भेंट में कांग्रेस के पुराने रिश्ते की याद ताजा और आलिम की मांग कर खुद को इस्लाम से जोड़ने की कोशिश की।
खाट सभा के बहाने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की जुबान से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने किसानों की हर समस्या पर मोदी को जिम्मेदार ठहराकर मुसलमानों को कांग्रेस की ओर रिझाने की कोशिश की।
गागलहेड़ी में हुई खाट सभा में भले ही राहुल गांधी चंद मिनटों के लिए ही खाट पर बैठे हों, लेकिन उन्होंने खड़े होकर किसानों से पापुलर, धान, गन्ने के रेट को लेकर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। एक किसान ने कहा कि गैस कनेक्शन भी मोदी गरीबों को नहीं संपन्न लोगों को दे रहे हैं।