सहारनपुर। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए टारगेेट सैंपलिंग अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया, जो 25 जुलाई तक चलेगा। पहले दिन नगर में अनेक जगहों पर शिविर लगाकर 645 लोगों के सैंपल लिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि शुक्रवार को सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम के सहयोग से कई जगहों पर स्ट्रीट वेंडरों के सैंपल लिए गए। मानकमऊ में 100, मंडी समिति स्थित सब्जी मंडी में 300, चिलकाना रोड पर 100, सब्जी मंडी दिल्ली रोड पर 85 और चौक फव्वारा पर 60 लोगों के सैंपल लिए गए। जिला नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने भी जगह-जगह जाकर अभियान का जायजा लिया। 17 जुलाई को ग्राम पंचायतों, 18 जुलाई को जेल, स्कूल और कॉलेज, नारी निकेतन, बाल सुधार गृह, बाल संप्रेक्षण गृह आदि जगहों पर सैंपलिंग होगी। 19 जुलाई को सभी ग्राम पंचायतों, 20 जुलाई को रिक्शा चालक, ई रिक्शा चालक, टेंपो चालक, बस चालक के सैंपल होंगे। 21 जुलाई को ग्राम पंचायतों, 22 जुलाई को मॉल, बाजारों, किराना दुकानदारों के सैंपल लिए जाएंगे। 23 जुलाई को ग्राम पंचायतों, 24 जुलाई को सैलून, बुटीक, रेस्टोरेंट, ढाबा आदि पर काम करने वालों के सैंपल होंगे तथा 25 जुलाई को ग्राम पंचायतों में अभियान चलेगा।