सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान मिलने वाली छूट के दौरान गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है। शनिवार को बाजारों में कई जगहों पर कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन देखने को मिला। पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले लोगों और दुकानदारों के चालान भी काटे। इसके साथ ही लोगों से अपनी जान जोखिम में न डालने की अपील की।
शनिवार को भी सुबह चौक फव्वारा के पास स्थित किरयाना और सब्जी मंडी में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर कोतवाली पुलिस ने लोगों को शारीरिक दूरी का पालन कराया। इसके साथ ही कुछ लोगों के चालान किए। इसी तरह मोरगंज बाजार में किरयाना की दुकानों पर शारीरिक दूरी का उल्लंघन होता नजर आया। दुकानदारों द्वारा भी गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। इसी तरह दाल मंडी पुल, कोर्ट रोड, खानआलमपुरा, हकीकतनगर, नुुमाइशकैंप, घंटाघर, देहरादून रोड, दिल्ली रोड, चिलकाना रोड, मंडी समिति रोड पर आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य तरह की सामग्री की दुकानें खुली, जिन्हें संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद कराया।
चेकिंग अभियान चलाया
सहारनपुर। महानगर में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। मास्क न लगाने वाले 185 लोगों के चालान काटे गए। इसके अलावा सड़कों पर बेवजह घूमने वाले 220 लोगों पर कार्रवाई की गई। घंटाघर, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, नकुड़ तिराहा, जनकपुरी चौक, देहरादून चौक, अग्रसेन तिराहा, दीवानी कचहरी तिराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, हसनुपर तिराहे पर पुलिस ने चेकिंग की। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि सबकी जिम्मेदारी है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार की गाइडलाइन का पालन करें। लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।