नानौता के कल्लरपुर में ग्रामीणों को समझाते भाजपा नेता।
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। रविवार की सुबह में गांव कल्लरपुर राजपूत में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसके नीचे दब कर 45 वर्षीय दर्जी की मौत हो गई। हादसे से खफा ग्रामीणों ने शव सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे बाद तहसीलदार और भाजपा नेताओं की मध्यस्थता के बाद ग्रामीण माने और जाम खोला। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
थाना क्षेत्र के ग्राम कल्लरपुर राजपूत निवासी 47 वर्षीय अशोक पुत्र रामू शिमला के रोहडू में रहकर दर्जी का काम करता था। वह 15 दिन पहले घर आया था। रविवार की सुबह करीब पौने 11 बजे घर से गांव के बस अड्डे पर जा रहा था। जैसे ही वह सड़क किनारे पहुंचा तो अचानक किसान सहकारी चीनी मिल में जा रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर उसके ऊपर पलट गई। आनन फानन में ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ कर भाग गया।
जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने दूसरे रास्तों से वाहनों का आवागमन शुरू किया। सूचना मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत राणा, अनुराग राणा व तहसीलदार नितिन राजपूत ने मौके पर पहुंचे और सरकारी सहायता का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के पत्नी और दो बेटे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया हादसे में ग्रामीण की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अशोक का फाइल फोटो- फोटो : SAHARANPUR