सहारनपुर। लूट के आरोपियों को पिस्टल एवं रुपये लेकर छोड़ने के आरोप की जांच शुरू कर दी गई है। पिस्टल बरामद कर पीआरवी चालक होमगार्ड पदम सिंह को जेल भेजा जा चुका है। जबकि दरोगा एवं सिपाही पर भी अब गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। जांच में रुपये लेने का आरोप सही पाया गया तो दोनों पर भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीआरवी 0965 पर तैनात दरोगा, सिपाही एवं होमगार्ड की इस करतूत का भंडाफोड़ कुतुबशेेर पुलिस द्वारा चोरी की मोटरसाइकिल समेत पकड़े गए साहिल निवासी नवादा रोड आजाद कालोनी ग्राम काजीपुरा तथा आसिफ निवासी चौधरी मेडिकल वाली गली थाना कुतुबशेर ने किया था। दोनों ने सीओ सिटी रजनीश कुमार को पूछताछ में आरोप लगाया था कि पिस्टल होमगार्ड पदम सिंह ने रख ली तथा 20 हजार रुपये दरोगा नरेश चंद शर्मा एवं सिपाही महेंद्र सिंह को छोड़ने के लिए दिए थे। सीओ के आदेश पर होमगार्ड पदम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था और पिस्टल भी बरामद कर ली थी। अब दरोगा नरेश चंद शर्मा और सिपाही महेंद्र सिंह पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। अपराधियों से 20 हजार रुपये लिए जाने के आरोपों की जांच एसपी देहात ने शुरू कर दी है। दोनों को निलंबित कर दिया गया है। जांच में आरोप सही पाए गए तो दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी तथा दोनों को गिरफ्तार भी किया जाएगा। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को प्राथमिक जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। रुपये लिए जाने के आरोप की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए गए तो रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।