- राजकीय मेडिकल कॉलेज व एसबीडी जिला अस्प्ताल में बढ़ रहे मरीज
- चिकित्सक बोले-सर्दियों में सिकुड़ने लगती हैं खून की नलियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कई दिनों से कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के चलते लोगों को हाथ और पैरों की अंगुलियों में सूजन की समस्या बढ़ गई है। अधिक सर्दी से हाथों की उंगलियां अकड़ जाती हैं। समय पर इलाज नहीं कराने पर इंफेक्शन हो रहा है। एसबीडी जिला अस्पताल में इलाज को आ रहे मरीजों में 30 से 35 सर्दी से सूजन के हैं।
इन दिनों कोल्ड डायरिया, सांस, हृदय सहित कई तरह की बीमारियों ने लोगों को घेर रखा है। एसबीडी जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशु शर्मा ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें से 30 से 35 हाथ-पैरों की उंगलियों में सूजन के हैं। उन्होंने बताया कि सर्दियों में पैर, उंगली में सर्दी लगने से खून की नशें सिकुड़ने लगतीं हैं। इससे रक्त का प्रवाह कम हो जाता है और सूजन आ जाती है। इलाज में और देरी करने पर शरीर नीला पड़ने लगता है। कई लोगों को जख्म भी हो जाते हैं। इसमें जल्दबाजी में दवा नहीं लेनी चाहिए। शरीर के ऐसे अंग जिन्हें हम कपड़ों से ढक नहीं सकते। वहां पर कोशिश करनी चाहिए कि अपनी नैचुरल हीट को बनाए रखें। बच्चों व महिलाओं में यह बीमारी सामान्य है, क्योंकि वह ठंडे पानी में जल्दी हाथ डाल देते हैं।
-
- ये बरतें सतर्कता
- ठंडे पानी में काम न करें।
- नंगे पैर न घूमें।
- एक जगह लंबे समय तक न बैठें।
- गर्म कपड़े हर समय पहने रहें।
- हाथों में दस्ताने और सिर पर कैप पहनें।