- घरों के अलावा मंदिरों में भी विधि विधान से पूरा किया व्रत
- पति और पत्नी ने एक दूसरे को उपहार देकर दी शुभकामनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। करवाचौथ पर शृंगार कर सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर विधिविधान के साथ व्रत पूरा किया। घरों से लेकर मंदिरों में भी करवा चौथ व्रत कथा सुनाने से लेकर व्रत के अन्य विधान पूरे करवाए गए। रात में चंद्रमा और पति के दर्शन करने के बाद ही व्रत खोला गया। कुछ विवाहिताओं ने दूर शहरों में मौजूद पतियों के दर्शन के लिए वीडियो कालिंग और सोशल मीडिया का सहारा भी लिया। पहली बार करवा चौथ का व्रत रख रहीं सुहागिनों में व्रत को लेकर सबसे अधिक उत्साह रहा।
शहर के आवास विकास स्थित हरि मंदिर, पातालेश्वर मंदिर, रघुनाथ मंदिर सहित अन्य स्थानों पर सुहागिनें दोपहर से ही आना शुरू हो गईं। यहां दोपहर बाद करवाचौथ व्रत कथा सुनने के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। इसके बाद सास ससुर को बायना के रूप में वस्त्र आदि उपहार दिए। सास ससुर ने भी सदा जोड़ी बने रहने का आशीर्वाद दिया। ज्योतिषाचार्य पंडित रोहित वशिष्ठ ने बताया कि शाम सवा आठ से दस बजे के बीच चांद का मुहूर्त रहा। इसी दौरान अधिकतर सुहागिनों ने अपने व्रत खोले।
-----------
ग्रुप में फोटो खिंचवाए, सेल्फी भी लीं
- शहर में हुए सामूहिक आयोजनों में सुहागिनों ने ग्रुप में फोटो खिंचवाए। इसके साथ ही सेल्फी भी लीं। कुछ महिलाओं प्रीति, रिचा और साक्षी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि पतियों ने उनके लिए उपहार भी लिए हैं। इनमें मोबाइल, सोने की अंगूठी सहित अन्य उपहार शामिल रहे। अधिकतर महिलाओं ने व्रत से पहले ही मंगलवार में ही खरीददारी कर ली थी। कुछ ऐसी सुहागिनें भी रहीं जो बुधवार में भी मेहंदी लगवाते हुए नजर आईं।