सहारनपुर रविवार रात बारिश के बीच गुजरते वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। रविवार को मौसम ने अचानक रंग बदल लिया। सुबह तेज धूप निकली तो एकबारगी लोगों को गर्मी लगने लगी, लेकिन दुपहर बाद आसमान में काले बादलों से भर गया और देखते ही देखते झमाझम बरसात होने लगी। इससे जहां लोगों को सर्दी का अहसास हुआ, वहीं किसानों ने बरसात होने पर खुशी जताई।
गांव गोविंदपुर के निवासी किसान ओम प्रकाश सैनी, अगवा हेड़ा के दिलीप सिंह, भिखनपुर के अरविंद चौधरी, सलूनी के भीम सिंह चौधरी आदि ने कहा कि यह बरसात फसलों के लिए बेहद लाभकारी है। हालांकि किसान ओलावृष्टि से डर रहे हैं। बरसात ने नगर में एक बार फिर कीचड़ वाला माहौल बना दिया है। नाले का निर्माण कार्य होने के कारण अंबाला रोड पर पहले से ही काफी पानी व कीचड़ जमा है। इस कारण बरसात में और परेशानी पैदा कर दी है। इससे सड़क के दोनों और फुटपाथ पर चलना मुश्किल हो गया है। साथ ही नगर के नीचे के इलाकों में जलभराव हो गया। नगर वासियों ने पालिका प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।