सहारनपुर। परिषदीय एवं एडेड विद्यालयों में पढ़ने वाले आठवीं तक के विद्यार्थियों को अब मध्याह्न भोजन के साथ मीठा और नमकीन हलवा भी मिलेगा। योजना से जनपद के आठवीं तक के करीब 1.90 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
पीएम पोषण योजना के तहत ऐसा किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल के द्वारा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने बताया कि योजना नवंबर 2026 से 14 सप्ताह तक चलेगी। सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन सूजी का मीठा हलवा और नमकीन हलवा दिया जाएगा। सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन का वितरण प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा।
महीने के पहले व तीसरे सप्ताह को मीठा हलवा और दूसरे, चौथे व पांचवें सप्ताह में नमकीन हलवा वितरित किया जाएगा। इसका वितरण मध्याह्न भोजन से अलग किया जाएगा। ऐसा नहीं है कि मीठा या नमकीन हलवा दे दिया गया है तो उस दिन मध्याह्न भोजन नहीं बंटेगा। उन्होंने बताया कि हलवा बनाने के लिए सभी दिशा निर्देश लिखित रूप से जारी कर दिए गए हैं। इसमें खाद्य सामग्री खरीदने से लेकर हलवा तैयार करने तक सभी के बारे में बताया गया है।
रसोइयों को मिलेगा अतिरिक्त पैसा
मीठा या नमकीन हलवा रसोइयों के द्वारा ही बनाया जाएगा। मध्याह्न भोजन बनाने के लिए रसोइयों का मानदेय निर्धारित है। हलवा भी वही बनाएंगी। इसके लिए सरकार प्रत्येक छात्र दो रुपये के हिसाब से रसोइयों को देगा। इससे निश्चित रूप से उनके मानदेय में वृद्धि होगी।
एक विद्यार्थी के हलवे पर खर्च सामग्री
मीठा हलवा-नमकीन हलवा
30 ग्राम सूजी30 ग्राम सूजी
05 ग्राम घी-02 ग्राम तेज
22 ग्राम चीनी-20 ग्राम मौसमी सब्जी
05 ग्राम घिसा नारियल-06 ग्राम मूंगफली और मसाले स्वाद के अनुसार