राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रों के
दो गुटों में मारपीट, हास्टल में तोड़फोड़
सरसावा (सहारनपुर)। शेख उल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ और कनिष्ठ छात्रों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के बाद छात्रों ने एक दूसरे के हॉस्टल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने सात वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि 2016 बैच के सात एमबीबीएस छात्रों को अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया है। प्रकरण की जांच के लिए चार वार्डन की संयुक्त टीम बनाई गई है। जो पूरे प्रकरण की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
मंगलवार रात मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक रिसॉर्ट पार्टी थी, इसमें 2019 और 2016 बैच के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। रिसॉर्ट में पार्टी के बाद रात्रि करीब एक बजे पार्टी में शामिल सभी छात्र मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में पहुंचे तो दोनों गुटों में फिर से मारपीट हो गई। आरोप है कि वरिष्ठ छात्रों ने कनिष्ठ छात्रों के हॉस्टल पर हमला बोल दिया, लाठी-डंडों, रॉड व बेल्टों से मारपीट और हॉस्टल में तोड़फोड़ की। मोबाइल और लैपटॉप तोड़ दिए। बाद में दूसरे गुट ने वरिष्ठ छात्रों के हॉस्टल में जाकर तोड़फोड़ की। सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी छात्रों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंटर्नशिप कर रहे हैं आरोपी छात्र
रिपोर्ट में नामजद छात्र तुषार यादव, भव्य, अभिषेक, प्रभात, दीपक, प्रांजल और सौरभ भारती इस समय मेडिकल कॉलेज में ही इंटर्नशिप कर रहे हैं। इनके खिलाफ छात्र हिमांशु निवासी वृंदावन ग्रीन सेक्टर पांच, राजेंद्र नगर साहिबाबाद, गाजियाबाद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।