- बेसिक शिक्षा परिषद सचिव ने सुबह प्रार्थना के साथ ही योग कराने के भी आदेेश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सुबह प्रार्थना सभा के दौरान योग भी कराया जाएगा, जिसका मकसद विद्यार्थियों को बौद्धिक रूप के साथ ही शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत करना है। इस संबंध में बेसिक शिक्षा परिषद सचिव ने आदेश भी जारी किए हैं, जिनके अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों को निर्देशित कर दिया है।
नए सत्र की शुरुआत एक अप्रैल से शुरू हो चुकी है। विद्यालयों में पठन पाठन का समय भी जारी किया जा चुका है, जिसमें विद्यालयों को प्रात: 7:30 बजे से 12:30 बजे तक खोलने के लिए कहा गया है, लेकिन 12:30 बजे विद्यार्थियों की छुट्टी करने के बाद शिक्षक एक घंटा विद्यालयों में रुककर अन्य कार्य निपटाएंगे। यानी वह 1:30 बजे विद्यालय छोड़ेंगे। इसी में बेसिक शिक्ष परिषद सचिव ने एक और महत्वपूर्ण आदेश यह दिया है कि सुबह प्रार्थना सभा के समय विद्यार्थियों को योग क्रियाएं भी कराई जाए, जिससे योग उनके रूटीन में आ सके। परिषद का मानना है कि एक ओर जहां पठन पाठन से छात्रों का बौद्धिक विकास होगा, वहीं योग विद्यार्थियों को पठन पाठन के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करेगा। ऐसे में योग क्रियाएं अवश्य कराई जाए। खास बात यह है कि प्रार्थना और योग के लिए मात्र दस मिनट का समय दिया गया है, जिसके लिए प्रात: 7:30 बजे से 7:40 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में प्रार्थना के बाद मुश्किल से पांच से आठ मिनट का समय योग के लिए मिलेगा।
------
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी पत्र में सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रतिदिन योगाभ्यास कराने को भी कहा गया है। प्रात: 7:30 बजे से 7:40 बजे तक प्रार्थना के याथ योगाभ्यास कराया जाएगा। शिक्षकों को इससे अवगत करा दिया गया है।
अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।