सहारनपुर के बेहट और नानौता में जानलेवा बुखार ने बृहस्पतिवार को एक छात्रा समेत तीन लोगों की जिदंगी लील ली। बुखार से बचाव के स्वास्थ्य विभाग के सभी उपाय विफल साबित हो रहे है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साढ़ौली कदीम क्षेत्र के गांव समसपुर नौगांवा निवासी अरुण गुप्ता के 12 साल के बेटे वंश को चार-पांच दिन पहले बुखार आया था।
परिजन उसका गांव में ही एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार करा रहे थे। बुधवार की सुबह उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सहारनपुर अस्पताल ले जा रहे थे कि बीच रास्ते में ही वंश ने दम तोड़ दिया गया।
इसी गांव के मौलवी सईद अहमद (65) भी बुधवार की रात चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौलवी सईद अहमद पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। पांच दिन पहले हालत बिगड़ने पर उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया था।
उधर, नानौता क्षेत्र के ग्राम चमन माजरा निवासी दौलतराम की 13 वर्षीय पुत्री शिवानी क्षेत्र के ग्राम कल्लरपुर राजपूत में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा है।
शिवानी को कुछ दिनों से लगातार तेज बुखार चल रहा था। बृहस्पतिवार को छात्रा शिवानी की तेज बुखार के चलते मौत हो गई। बुखार के चलते नगर पंचायत द्वारा नगर में फांगिंग तथा एंटी लार्वा की दवाई का छिड़काव किया गया।
चेयरमैन अफजाल खान ने बताया कि नगर के मोहल्ला शेखजादगान, सरावज्ञान, कानूनगोयान, चाहमंजलि कोट, भारी अड्डा, अफगानान, मलिन बस्ती आदि में नगर पंचायत की ओर से फॉगिंग और एंटी लार्वा की दवाई का छिड़काव कराया जा रहा है।