दो बाइकों की भिड़ंत में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई जबकि एक छात्र सहित दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मंगलवार को तीतरो के मोहल्ला अफगानान कलां निवासी हाईस्कूल के छात्र 14 वर्षीय इबरत खान और उसके साथी असद का गांव बिलासपुर स्थित बी जनता इंटर कॉलेज में द्वितीय पाली में मैथ का पेपर था।
उनका साथी शोएब बाइक से उन्हें लेकर कालेज जा रहा था। जैसे ही ये तीनों तीतरो से थोड़ा आगे गंगोह रोड पर स्थित ईदगाह के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही बाइक से इनकी जबरदस्त टक्कर हो गई।
इससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अज्ञात बाइक सवार बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस द्वारा उन्हें गंगोह सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना मिलते की छात्रों के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। वहां चिकित्सकों ने इबरत खान को मृत घोषित कर दिया।
छात्र के परिजनों द्वारा किसी कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को उनके सुपुर्द कर दिया। उधर गंभीर अवस्था के चलते असद और शोएब को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।