नगर कोतवाली क्षेत्र में नवाब गंज चौकी के पास बुधवार की शाम ट्यूशन के लिए जा रहे साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने विरोध में जाम लगाया और बेलगाम ट्रकों और अन्य बाहरी वाहनों के खिलाफ रोष जताया। हादसे में बच्चे की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।
नवाब गंज चौकी के पास रहने वाले और आवास विकास में मार्बल प्रतिष्ठान के स्वामी हेमंत मोहता का 12 वर्षीय पुत्र चिन्मय मोहता बुधवार शाम करीब पांच बजे साइकिल पर ट्यूशन जाने के लिए निकला था। वह चौक से कुछ आगे आबकारी विभाग के कार्यालय के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे एक ट्रक ने अचानक उसे चपेट में ले लिया।
उसकी मौत हो गई। घटना होते ही आसपास के क्षेत्रों के दुकानदार और राहगीर जमा हो गए। ट्रक चालक फरार हो गया। नवाब गंज चौकी और फिर नगर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र के लोगों ने ट्रक के सामने ही जाम लगाते हुए प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
नगर कोतवाली प्रभारी बीपी जाखड़ और जनकपुरी प्रभारी यशपाल सिंह ने कहा कि यहां बाईपास न होने के कारण यह समस्या आ रही है। इसके बावजूद ट्रकों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जाएंगे।
दिल्ली पब्लिक स्कूल का छात्र था चिन्मय ः जिला अस्पताल में बेटे की मौत पर गमगीन पिता हेमंत मोहता ने बताया कि चिन्मय दिल्ली पब्लिक स्कूल का छात्र था। वह कक्षा छह में पढ़ रहा था।
मेरे बेटे को कुछ नहीं हुआ...
मेरे बेटे को कुछ नहीं हुआ, उसे मेरे पास लेकर आओ। तुम सब यहां खड़े क्यों हो। मेरे बेटे को लाते क्यों नहीं...। सड़क हादसे में अपने लाडले की मौत पर मां पूजा इसी तरह रोती बिखलती रही। उसके बिना मैं नहीं जी पाऊंगी।
बेलगाम वाहनों पर कार्रवाई कराएंगे ः हादसे के बाद बच्चे के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे युवा सपा नेता शायान मसूद ने कहा कि बेलगाम वाहनों पर कार्रवाई करवाएंगे। पुलिस प्रशासन से इस बारे में बातचीत की जाएगी। भाजपा की ओर से शीतल विश्नोई, संदीप रावत समेत अन्य भी यहां मौजूद रहे और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर गहरी चिंता जताई।