ब्लाक मुख्यालय साढौली कदीम पर बैठक में ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य
- फोटो : SAHARANPUR
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। सोमवार को साढ़ौली कदीम ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम सचिवों, प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में उपजिलाधिकारी दिप्ती देव ने कहा कि किसान किसी भी फसल के अवशेष न जलाये यदि गांव में कोई धान की पराली जलाता मिला तो संबंधित सचिव, प्रधान व हल्का लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम प्रधान गांवों में बैठकें या मुनादी कराकर किसानों को फसल अवशेष जलाने के नुकसान से अवगत कराए। खंड अधिकारी रविप्रकाश सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान पंचायत से खर्च पर पराली एकत्र करा नजदीकी गऊशाला में भिजवा सकते हैं। फसल अवशेष एकत्र कर खाद तैयार करने के तरीकों से किसानों को अवगत कराया जाए। प्रमुख हंसराज गौतम ने कहा कि क्षेत्र की एक मात्र औद्योगिक इकाई शाकंभरी शुगर मिल पिछले छह वर्षों से बंद पड़ी है। क्षेत्र में रपटे, पुल एवं सड़कों का अभाव है, जिनका बनना आवश्यक है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार ने संचारी रोगों से बचाव की जानकारी देते हुए साफ सफाई रखने की अपील की। पशु चिकित्साधिकारी डा. डीआर वर्मा ने पालतू पशुओं को टैग लगवाने पर जोर देते हुए कहा कि टैग लगे पशु का ही विभाग द्वारा टीकाकरण कराया जाएगा। बैठक में देव भाष्कर पांडेय, जेई देवेंद्र कुमार, एडीओ प्रदीप पुंडीर, प्रधान संगठन के मंडल अध्यक्ष राजेश पंवार, कुलदीप सिंह, चौ. ताहिर, टीटू राम, सोमपाल, बसपा विधान सभा अध्यक्ष बबलू कुमार आदि रहे।