सहारनपुर के देवबंद के मोहल्ला पठानपुरा में गोदाम तथा मजनूवाला मार्ग पर कैफे में आग लगने से करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान कई बैट्री भी तेज धमाके के साथ फट गई।
लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इससे लोगों में अफरा तफरी मची रही। मोहल्ला पठानपुरा दगड़ा निवासी अनीस अहमद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके देवबंद गंगोह बाईपास स्थित गोदाम में रात के समय किसी व्यक्ति ने आग लगा दी।
जिसमें वहां खड़ा ई-रिक्शा, कई बैटी तथा अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का पता उस समय लगा जब कई बैट्री तेज धमाके के साथ फट गई और आसपास रहने वाले लोगों में अफरा तफरी मच गई।
आरोप है कि उसने फोन कर आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। मोहल्ले के लोगों ने पानी आदि डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। अनीस के मुताबिक आग लगने से उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, मजनूवाला मार्ग स्थित एक कैफे में आग लगने से करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जड़ौदा जट्ट निवासी कैफे मालिक सौरभ कुमार ने बताया कि बुधवार की रात करीब दस बजे शार्ट सर्किट के कारण कैफे में आग लगी।
दुकान मालिक से जानकारी मिलने पर वह वहां पहुंचा। बाद में फायर ब्रिगेड़ की गाड़ी ने आकर आग पर काबू पाया।