सहारनपुर में अवैध खनन रोकने की मांग करते हुए भारतीय किसान यूनियन अंबावत ने बृहस्पतिवार को नारेबाजी कर खनन विभाग के कार्यालय पर ताला लगा दिया। उन्होंने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर एक ज्ञापन डीएम को सौंपा।
बृहस्पतिवार को भाकियू अंबावत के कार्यकर्ता बैठक के बाद खनन अधिकारी का घेराव करने के लिए नारेबाजी करते हुए खनन कार्यालय पहुंचे। वहां अधिकारी के नहीं मिलने पर उन्होंने कार्यालय में ताला लगा दिया।
इसके बाद उन्होंने डीएम को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने अवैध खनन रोकने, ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने, सहकारी समितियों में की गई अवैध नियुक्तियों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज दिलाने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैंकों में मैनेजरों द्वारा नोट विनिमय के बदले 20 प्रतिशत लिया जा रहा है। इससे पहले तहसील परिसर में आयोजित बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौधरी कंवरपाल सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद जिले में खुलेआम अवैध खनन हो रहा है।
इसके लिए माफिया अधिक रॉयल्टी वसूल कर रहा है। उन्होंने ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए कहा कि इसके चलते प्रदेश सरकार को लाखों का चूना लग रहा है।
इस दौरान पद्म प्रकाश शर्मा, राजीव, साहब सिंह, यतेंद्र गुर्जर, प्रवीण, डॉ. फतेह सिंह, यशपाल कश्यप, कबूल सिंह, जयपाल कश्यप, वहीद, शेषराज, सोहनवीर, वेदपाल राणा, मांगेराम आदि रहे।