सहारनपुर। अवैध खनिज परिवहन को लेकर एक स्टोन क्रशर पर कड़ी कार्रवाई की गई है। अवैध खनिज परिवहन कराने के मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने ग्राम असलमपुर बरथा स्थित मेसर्स भगवती स्टोन क्रशर का भंडारण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अवैध खनिज परिवहन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पिछले कई दिनों में कई वाहनों को पकड़ा गया। इसमें किसी के पास वैध प्रपत्र नहीं मिले तो कोई एक ही प्रपत्र पर दो बार खनिज परिवहन कर रहा था। इसको लेकर एसडीएम आदि ने निरीक्षण करके अवैध परिवहन कर रहे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की। जिला खान अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि कई वाहनों के माध्यम से एक ही प्रपत्र पर दूसरा और बिना ई-प्रपत्र सी के अवैध परिवहन किया जा रहा था। अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों के चालकों ने पूछताछ में बताया कि मेसर्स भगवती स्टोन क्रशर से खनिज सामग्री लाए हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने ग्राम असलमपुर बरथा स्थित मेसर्स भगवती स्टोन क्रशर का भंडारण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध खनन या परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।