प्रधानी चुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान के दौरान अलीपुरा नौगांवा और पानसर गांव में मतदान केंद्रों पर वोट को लेकर पथराव और फायरिंग हुई। 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
इस दौरान अफरा तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने के लिए लाठियां फटकारी। पानसर में कई राऊंड फायरिंग होने की सूचना पर रैपिड एक्शन फोर्स बुलानी पड़ी। फोर्स ने शांति व्यवस्था बनाने के लिए गांव में फ्लैग मार्च भी किया।
दोपहर करीब 12 बजे अलीपुरा नौगांवा मतदान केंद्र फर्जी वोट डालने को लेकर दो गुटों में जमकर पथराव हुआ। पथराव की सूचना मिलते ही एसपी सिटी और एडीएम (ई) भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोर्स ने एक दूसरे पर पथराव कर रही भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए लाठियां फटकारी। इसके बाद ही स्थिति को काबू में किया जा सका। पूरे मतदान केंद्र को फोर्स ने अपने कब्जे में ले लिया।
पथराव में घायल सतीश, रणपाल, मुकेश, राकेश, राजकुमार, बोबी, हरीश, महमूद, हैदर, मुख्तयार, निसार, मोहम्मद अरशद, रिजवाना, रुखसाना आदि लोगों को पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। उधर ब्लाक मुजफ्फराबाद के गांव पानसर में मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच वोटों के फर्जीवाड़ा करने के शक में जमकर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार चले। एक पक्ष की तरफ से कई राऊंड फायर करने से हालात बिगड़ गए और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सीओ चरण सिंह यादव और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान मौके पर पहुंचे। स्थिति को भांपते हुए रैपिड एक्शन फोर्स बुलवा ली गई। फोर्स ने भीड़ को घरों में खदेड़ने के लिए हलका बल प्रयोग किया और पूरे गांव में फ्लैग मार्च भी किया। संघर्ष में प्रधान पद के प्रत्याशी ब्रजपाल, रवि, सतीश, विकास, सन्नी आदि घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया। इसके अलावा ब्लाक साढ़ौली कदीम के गांव चक खिजरपुर, चाटकी, जंधेड़ी, पठानपुरा, दबकोरा एवं सुलतानपुर माली उर्फ मीरगढ़ में एजेंटों के बीच कहा सुनी के बाद लात घूसे चले। कई जगह पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को काबू में किया। चकखिजरपुर में करीब बीस मिनट तक मतदान बाधित रहा।