सहारनपुर के देवबंद में दीपावली त्योहार के मद्देनजर बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने मेन बाजार में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने खाद्य वस्तुओं के सात नमूने लिए गए। इनमें हल्दी और मिर्च पाउडर में मिलावट मिलने पर सीज कर दिया गया।
डीएम के आदेश तथा एसडीएम के निर्देशन में अभिहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार की टीम ने मेन बाजार में मिठाई व परचून की दुकानों पर औचक छापामारी की। जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
कई दुकानदार तो अपनी दुकानों के शटर गिराकर निकल गए। सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि मेन बाजार स्थित अजीत कुमार-अंकुश कुमार की परचून की दुकान पर छापामारी में खुली हल्दी में मिलावट मिलने पर 16.800 किलो हल्दी सील की गई।
वहीं, जेपी प्रोविजन स्टोर पर खुली मिर्च में भी मिलावट पाए जाने पर 5.5 किलो मिर्च पाउडर को सील की गई। इसके अलावा मोहन लाल-ओमप्रकाश प्रोविजन स्टोर से बेसन, अमित कुमार व निखिल कुमार की मिठाई की दुकानों से छैना रसगुल्ला, मोहन स्वीट्स से बेसन लड्डू और हाजी इश्तियाक प्रोविजन स्टोर से पिसी धनिया का सैंपल लिया गया है।
जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि खुला मसाला बेचने पर प्रतिबंध है, क्योंकि इसमें रंग डला होने की संभावना रहती है। सील की गई खाद्य वस्तुओं के बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। टीम में न्यायिक तहसीलदार महेंद्र वर्मा, राहुल शुक्ला, विशाल गुप्ता, बिंदल यादव और मनोज कुमार शामिल रहे।
उधर, खाद्य विभाग की सैंपलिंग का नगर उद्योग व्यापार मंडल ने विरोध किया है। छापामारी की जानकारी मिलते ही व्यापारियों के साथ मेन बाजार में पहुंचे अध्यक्ष अजय सिंघल ने उक्त कार्रवाई का विरोध जताया।
आरोप लगाया कि त्योहारों के समय खाद्य विभाग व प्रशासन व्यापारियों का शोषण करता है। सिंघल ने समस्त ट्रेड एसोसिएशन से वार्ता के पश्चात कहा कि यदि भविष्य में त्योहारों के समय सैंपलिंग की गई तो बाजार बंद कर विरोध किया जाएगा। व्यिापारियों ने चेतावनी दी किसी भी विरोध प्रदर्शन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।