स्टेशन पर बिक रही पानी की बोतलों की जांच की
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर स्थित स्टॉल पर बेची जा रही पानी की बोतलों की आरपीएफ की टीम ने जांच की। जांच के दौरान स्टॉलों पर अनधिकृत ब्रांड की बोतलों की बिक्री होते हुए पाया गया। टीम ने स्टॉल संचालकों पर कार्रवाई की है।
रेलवे स्टेशनों पर अंबाला से सहारनपुर पहुंची आरपीएफ की एक टीम ने बृहस्पतिवार को अनाधिकृत पानी बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। आरपीएफ ने सहारनपुर सहित कई रेलवे स्टेशनों पर संचालित स्टॉलों पर छापामारी की। छापेमारी के दौरान स्टॉलों पर अनाधिकृत ब्रांड पानी की बोतलों की बिक्री होते हुए पाया गया। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर स्टॉल नंबर 58 पर लोकल ब्रांड पानी की 35 बोतल पाई, जिन्हें बेचने के लिए वह अधिकृत नहीं मिला। रेलवे यार्ड में 216 पानी की बोतल लोकल ब्रांड की लावारिस मिलीं। नौ जुलाई को स्टॉल नंबर एक से छह बोतल लोकल ब्रांड की मिली थीं। जिन्हें बेचने के लिए अधिकृत नहीं पाया गया। रेलवे के सीनियर डीसीएम हरिमोहन ने बताया कि अंबाला से पहुंची आरपीएफ की टीम ने नौ लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट की तहत मामले दर्ज कर कर चालान की कार्रवाई की है।