बड़गांव। एलटी लाइन का तार टूटकर गिरने से चंदपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में भगदड़ मच गई। चिंगारी उठती देख लोग घरों से निकल पड़े। गनीमत रही कि उस समय कोई भी लाइन के नीचे नहीं था अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
चंदपुर गांव की दलित बस्ती के ऊपर से गांव की सप्लाई के लिए एलटी लाइन खींची हुई है। यह लाइन लोगों की छतों को टच करते हुए चल रही थी। महेंद्र, जगपाल, रोशनी आदि ने बताया कि आज यह लाइन अचानक टूट कर छतों से नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि उस समय गली में कोई नहीं था वरना बड़ी घटना हो सकती थी। बताया कि उन्होंने कई बार जेई को शिकायत की थी इसके बावजूद न तो इस लाइन को यहां से हटाया जा रहा है और न ही इसे ऊंचाई दी जा रही है।
बताया जाता है कि पहले भी इस लाइन में चिंगारी उठने से लोग घरों को छोड़ भागे थे। जेई मुकेश कुमार का कहना है कि दो लोगों ने गलत तरीके से लाइन के नीचे मकान बनाए हुए हैं। अगर तार टूट कर गिरा हैं तो जल्दी ही ठीक कराया जाएगा।