तीतरों/सरसावा। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बुधवार को गांव बरसी के शिव और सरसावा के वनखंडी महादेव मंदिरों पर महाशिवरात्रि को लगने वाले मेलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पानी तथा आवागमन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ग्राम बरसी स्थित शिव मंदिर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने परिसर का दौरा करते हुए एसडीएम नकुड़ सुरेंद्र कुमार से मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस बार मेला प्रशासन की देखरेख में संपन्न होने जा रहा है। ऐसे में एक बैंक खाता खुलवाया जाए, जिसमें समस्त स्रोतों से एकत्र आय की धनराशि को उसमें पारदर्शिता के साथ जमा किया जाए। मेले में पश्चिमी यूपी सहित दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड के श्रद्धालु अपने वाहनों के साथ पहुंचते हैं।
ऐसे में महाशिवरात्रि पर जाम की स्थिति बिल्कुल न हो पर्याप्त संख्या में फोर्स तैनात किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मेला परिसर का गहनता से निरीक्षण किया तथा बिजली से करंट प्रवाहित न हो इसकी व्यवस्था समय से करने के साथ ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को लगाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से एकतरफा समिति गठन करने को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि समिति का विवाद मेले में न होने पाए। कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रसाद चढ़ाने के दौरान वालंटियर्स तैनात करने व पुजारियों के कार्य में किसी का हस्तक्षेप न करने के निर्देश दिए।
निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को मेले का इंचार्ज नियुक्त किया है। इस दौरान एसपी देहात सागर जैन, सीओ गंगोह अशोक सिसौदिया, नायब तहसीलदार विजय कुमार आदि मौजूद रहे। इसके बाद एसएसपी ने सरसावा के महाभारत कालीन श्री बनखंडी महादेव मंदिर पर लगने वाले महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों को परखा।