जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग निवासी डॉ. अदिल अहमद अंबाला रोड स्थित एक बड़े निजी अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में तैनात है। कुछ दिन पहले श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाए थे। इनमें आतंकी संगठन के समर्थन में मेसेज लिखे थे। इस घटना के बाद श्रीनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें डॉ. अदिल का नाम सामने आया। कुछ दिन पहले श्रीनगर पुलिस ने डॉ. अदिल के घर अनंतनाग पहुंची थी। वहां से पता चला था कि डॉ. अदिल सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में तैनात है। बृहस्पतिवार देर शाम श्रीनगर पुलिस शहर में पहुंची। यहां एसएसपी से मिली।
इसके बाद स्थानीय एसओजी के साथ लेकर थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंची। इससे पहले कोर्ट की सभी प्रक्रिया पूरी की। श्रीनगर पुलिस डॉ. अदिल को अपने साथ ले गई। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने मुलाकात कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की।
दिल्ली रोड पर एक निजी अस्पताल में रह चुका चिकित्सक
डॉ. अदिल दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भी कार्यरत रह चुका है। इसके बाद अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नौकरी कर रहा है। बताया जा रहा है कि हाल ही में चिकित्सक ने एक महिला चिकित्सक से निकाह किया था। वहीं, अब स्थानीय पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। जम्मू-कश्मीर से आने वाले लोगों की जांच शुरू की जा रही है।