सरसावा (सहारनपुर)। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें मुसलमान युवाओं को भड़का कर देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहतीं हैं। समाजवादी पार्टी का तो सीधा उद्देश्य मुसलमान वोटों का इस्तेमाल कर सत्ता हासिल करना है। संभल दंगा उसी का एक उदाहरण है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी बृहस्पतिवार को सरसावा स्थित हजरत मखदूम साहब दरगाह में पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले जोहर की नमाज अदा की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास नीति पर काम कर रही है परंतु कुछ ताकतें भाजपा की नीति से घबराकर मुसलमानों को बांटने के प्रयास में लगी हैं।
संभल विवाद पर कहा कि ये एक सुनियोजित साजिश थी। कोर्ट के आदेश पर सर्वे हो रहा था। दो दिन तक कुछ नहीं हुआ, परंतु जैसे ही जुमा आया अचानक भीड़ आई। इससे साफ जाहिर था मुसलमान युवकों को भड़काया गया है और इस दंगे का सबसे बड़ा नुकसान भी मुसलमान को ही होगा। इसलिए मुस्लिम युवकों को समझना होगा कि उनका इस्तेमाल न होने पाए। इस अवसर पर वक्फ कमेटी के सदर लईक बेग, मुनाजिर हुसैन जैदी, कारी मुकीम, हारुन सेक्रेटरी, अयूब अंसारी, रफीक, वसीम, सनव्वर सफदर, पालिकाध्यक्ष पति राजू पंवार, नरेश चंद जैन, वासिल, नसीम आदि मौजूद रहे।