सहारनपुर। स्टेडियम में हुई फुटबॉल प्रतियोगिता में जीत के लिए टीमों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। अंडर-14 में इंद्रा फुटबॉल क्लब और अंडर-20 में खान स्पोर्टिंग क्लब ने जीत दर्ज की।
सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा कराई गई प्रतियोगिता में 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। दो दिनों तक स्टेडियम में कड़े मुकाबले खेले गए। सचिव समीर ने बताया कि अंडर-20 वर्ग का फाइनल मुकाबला खान स्पोर्टिंग क्लब और विक्ट्री फुटबॉल क्लब के बीच हुआ।
तय समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। ऐसे में मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट में हुआ। इसमें खान स्पोर्टिंग क्लब ने जीत दर्ज की। अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंद्रा क्लब और खान स्पोर्टिंग क्लब के बीच मैच हुआ। इस मैच का निर्णय भी पेनल्टी शूटआउट के जरिये हुआ।
इंद्रा फुटबॉल क्लब ने 7-6 से मैच और खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान पर दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम रही। बताया कि प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए गए।
अंडर-14 वर्ग में वंशराज को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। बेस्ट गोलकीपर योगेश, बेस्ट डिफेंडर आर्यदीप सैनी रहे।
बता दें कि अंडर-14 में स्पेन में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले आर्यदीप सैनी ने भी अपने क्लब से प्रतियोगिता में भाग लिया था। अंडर-20 वर्ग में राघव को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, विकास को बेस्ट गोलकीपर, भविष को बेस्ट डिफेंडर का खिताब मिला। रेफरी की भूमिका में आशुतोष कुमार, मोहम्मद अकरम, भारत रावत, निशांत व चेतन शर्मा रहे।
सफल आयोजन में सहारनपुर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद तैय्यब, कोषाध्यक्ष जाकिर अंसारी, संयुक्त सचिव नितिन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र, आशुतोष यशपाल आदि का सहयोग रहा।