सहारनपुर। रेलवे ने दीपावली और छठ पर्व पर सफर आसान कराने के लिए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। यह ट्रेनें सहारनपुर से होकर जाएंगी। दो ट्रेनों का संचालन शुरू भी हो गया है।
रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें 35 से 40 हजार यात्री सफर करते हैं। त्योहारों में यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। आगामी त्योहारों को लेकर रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों में पूर्वांचल और बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में अधिक भीड़ होती है। नियमित ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा रही है। इसी कड़ी में पांच और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इनमें से बरौनी-अमृतसर, वाराणसी-बठिंडा स्पेशल का संचालन शुरू हो गया है। इन ट्रेनों से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उधर, सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि दिवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की समयसारिणी जारी कर दी है। बेहतर संचालन के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए।
यह हैं स्पेशल ट्रेनें
04511-12 चंडीगढ़-पटना, 04615-16 फिरोजपुर-पटना, 04667-68 अमृतसर-बरौनी, 04227-28 वाराणसी-चंडीगढ़, 05193-94 छपरा-बठिंडा