सहारनपुर। गर्मियों के सीजन में रेलवे विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। इसके बावजूद नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम नहीं हो रहा। कई नियमित ट्रेनों में तो नो रूम की स्थिति होने से टिकट बुकिंग तक बंद हो गई।
रेलवे स्टेशन से करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है, जिनमें 35 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। गर्मी चरम पर है। रेलवे ने भी समर विशेष ट्रेनें शुरू कर दी हैं। इनमें फिरोजपुर कैंट-दानापुर, फिरोजपुर-दरभंगा, अमृतसर-हावड़ा और अमृतसर-मानसी और चंडीगढ़-शाहजहांपुर आदि शामिल हैं। गर्मियों के सीजन में एसी श्रेणी के टिकटों की मांग अधिक बढ़ गई है। ज्यादातर नियमित ट्रेनों में एसी श्रेणी में नो रूम होने के बाद भी टिकट बुकिंग बंद हो गई है। नियमित के मुकाबले विशेष ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम है। हालांकि, रेलवे का उद्देश्य यह है कि विशेष ट्रेनें चलने से यात्रियों को काफी हद तक राहत मिल जाती है।
- ऐसे समझें विशेष ट्रेनों का गणित
स्पेशल ट्रेनों में नियमित के मुकाबले किराया दोगुना ज्यादा है। ज्यादातर विशेष ट्रेनें पुराने आईसीएफ कोच की रैक के साथ चल रही हैं, जबकि नियमित ट्रेनों में आरामदेह व अत्याधुनिक तकनीक के एलएचबी कोच होते हैं।
- इन ट्रेनों के एसी श्रेणियों में नो रूम
जम्मूतवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस, जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस, बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस, हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरी एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश-कटरा हेमकुंड एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस आदि शामिल हैं।