- जिला पंचायत सदस्य के वार्ड 14, 16 और 19 से प्रत्याशियों का नामांकन कराने पहुंचे सपा नेता साहिल खान
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी में भी बगावत खुलकर सामने आ गई है। जिला पंचायत सदस्य के सभी वार्डों पर सपा ने प्रत्याशी घोषित किए, लेकिन सपा नेता साहिल खान ने तीन वार्डों पर पार्टी के घोषित प्रत्याशियों से अलग प्रत्याशियों का नामांकन करा दिया। साफ है कि इन तीनों वार्डों पर सपा को अपनों की ही नाराजगी का सामना करना पड़ेगा।
रविवार को सपा नेता साहिल खान के साथ जिला पंचायत चुनाव में टिकट न मिलने पर नाराज कार्यकर्ता नामांकन करने पहुंचे। इनमें वार्ड नंबर 14 से हाजी इदरीस, वार्ड 16 से जाहिद हसन तथा वार्ड 19 से मोनिका ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि समाजवादी पार्टी ने वार्ड 14 पर अलका, वार्ड 16 पर मुकर्रम और वार्ड 19 पर रिहाना को प्रत्याशी बनाया था।
साहिल ने कहा जनता अब धोखेबाज और ड्रामा करने वाले लोगों को सबक सिखाने के मूड में है। पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी होती है। इसके चलते समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को चुनाव में उतारने का निर्णय लिया और पूरे दमखम से पार्टी की नीतियों के अनुसार चुनाव लड़ा जाएगा। एक सवाल के जवाब में साहिल ने कहा कि पार्टी कार्यालय द्वारा जारी पत्र के संज्ञान में ही इन प्रत्याशियों को चुनाव में उतारा है, क्योंकि पार्टी का कहना है कि जहां पर सहमति नहीं बनेगी वहां पर कोई भी कार्यकर्ता चुनाव लड़ सकता है।