शासन स्तर से एक निजी कंपनी पर है सीवर की सफाई और ढक्कन रखने की जिम्मेदारी
फोटो संख्या - 6 की सीरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महानगर की सीवर व्यवस्था नगर निगम के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। नतीजा कहीं सीवर चौक होने की वजह से जलभराव है तो कहीं मेनहोल के ढक्कन टूटे और खुले पड़े हैं। इसका खामियाजा भी आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कई जगह पर बच्चे और बड़े खुले मेनहॉल में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सीवर लाइन डालने का कार्य जल निगम करता है। पांच साल पहले तक सीवर की सफाई और मेनहोल पर ढक्कन रखने की जिम्मेदारी नगर निगम के जलकल विभाग की रहती थी। लेकिन उसके बाद एक निजी कंपनी को सीवर की सफाई और ढक्कन का ठेका हुआ। पार्षदों का कहना है कि जब तक व्यवस्था नगर निगम के हाथ में थी तो वह अधिकारियों से कहकर समस्या का समाधान करा लेते थे, लेकिन निजी कंपनी की ओर से कोई हेल्पलाइन नंबर जारी नहीं किया गया है, जिस पर शिकायत दर्ज कराई जा सके। ऐसे में पार्षद नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराते हैं या अधिकारियों को सीधे फोन करते हैं, लेकिन उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। नतीजा यह है कि शहर में जगह-जगह ढक्कन टूटे पड़े हैं। मोहल्ला सराय शाहजी, बुरा बाजार में पंडित गोविंद अत्तार के सामने, सराय हिसामुद्दीन, पांवधोई नदी की पटरी पर धोबीघाट के पास, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू के वार्ड में तथा चंद्रनगर और नवीन नगर में अनेक ढक्कन टूटे पड़े हैं। इसके अलावा पुराना कलसिया रोड पर सीवर लाइन बंद होने की वजह से सड़क पर भारी जलभराव है, जहां से पैदल चलना दूभर है। चूंकि जलभराव की वजह से सड़क टूट गई है, ऐसे में दुपहिया वाहन चालकों के लिए वहां से गुजरना चुनौती भरा है। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
जनप्रतिनिधियों की बात
- पुराना कलसिया रोड का बड़ा हिस्सा वार्ड 36 में आता है। स्थानीय पार्षद डॉ. अहसान ने बताया कि क्षेत्र हमेशा से पिछड़ा रहा है। पुराना कलसिया रोड के दोनों ओर कॉलोनियों में कच्चे नाले हैं, जिनका पानी सड़कों पर रहता है। करीब डेढ़ माह से सीवर चौक होने की वजह से सड़क पर जलभराव है।
-वार्ड 49 के पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी ने बताया कि उनके वार्ड में सीवर के ढक्कन टूटे पड़े हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि उनका वार्ड स्मार्ट सिटी योजना के तहत एबीडी क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।
-पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि उनके वार्ड के सराय हिसामुद्दीन, सराय शाहजी सहित अनेक मोहल्लों में सीवर के ढक्कन टूटे पड़े हैं। लोग और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसा कई साल से चल रहा है।
सीवर संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए पोर्टल बनाया जा रहा है, जहां लोग सीधे शिकायत कर सकेंगे। पोर्टल पर की जाने वाली शिकायत का निस्तारण संबंधित कार्यदायी संस्था को एक घंटे में करना होगा। इसके अलावा पुराना कलसिया रोड को पीडब्ल्यूडी बनाएगा, जिसके बाद समस्या नहीं रहेगी।
- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त
मोहल्ला सराय हिसामुद्दीन में टूटा ढक्कन।- फोटो : SAHARANPUR